![](https://i1.wp.com/dvna.in/wp-content/uploads/2021/05/406c6c7be59f29512c019e6a4d4fe086.jpg?fit=650%2C394&ssl=1)
सीतापुर। जिला कारागार में बंद सपा के पूर्व मंत्री आजम खान की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज शिफ्ट किए जाने के लिए पुलिस के आला अधिकारी व एंबुलेंस जेल पहुंची। शनिवार देर रात तक चले आजम के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आजम ने लखनऊ इलाज के लिए जाने से मना कर दिया। जिसके बाद आजम को लखनऊ मेडिकल कॉलेज नहीं ले जाया जा सका।
फिलहाल आजम सीतापुर जिला कारागार में ही बंद है। यहीं पर उनका इलाज किया जा रहा है। बताते चलें कि सपा सांसद आजम खान की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें शनिवार देर रात लखनऊ मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए शिफ्ट किया जाना था। जिसे लेकर रात करीब 9 बजे जेल के मुख्य गेट पर एंबुलेंस सहित उनकी सुरक्षा में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। देखते ही देखते पुलिस के अधिकारी भी जेल पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे सपा सांसद आजम ने अपनी तबीयत को ठीक बताते हुए लखनऊ जाने से मना कर दिया। जिसके बाद जिला कारागार गेट पर खड़ी एंबुलेंस सहित पुलिस बल वापस लौट गई।
आजम को इलाज के लिए लखनऊ ले जाने के लिए जेल प्रशासन काफी मान मनौव्वल करता रहा, लेकिन आजम नहीं माने। जेल सूत्रों की माने तो एक बार तो जेल प्रशासन ने आजम को इलाज के लिए लखनऊ जाने के लिए मना भी लिया, लेकिन अंतिम क्षणों में वह सीएमओ के द्वारा जांच के बाद ही लखनऊ जाने की बात रख दी लेकिन अंत में आजम ने जेल प्रशासन के अधिकारियों से अपनी तबीयत ठीक होने की बात कहते हुए लखनऊ जाने से मना कर दिया। जिसके बाद एंबुलेंस सहित पुलिस के अधिकारी वह थानों से सुरक्षा में लगाया गया पुलिस बल वापस लौट गया।DVNA/RNS
Digital Varta News Agency