
बांदा डीवीएनए। भाजपा पंचायत चुनाव में भगवा परचम लहरा कर, पंचायत से पार्लियामेंट तक सरकार बनाने के सपने पाले है। इसी क्रम में जिला भाजपा कार्यालय के सभागार में पंचायत चुनाव में लगे भाजपा कार्यकर्ताओं को भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी प्रियंका सिंह रावत ने चुनावी टिप्स दिये।प्रत्येक गांव के बूथ में कमल खिलाने का आह्वान किया।
जिला पदाधिकारी, पंचायत चुनाव के दृष्टि से बनाए गए जिला पंचायत वार्ड प्रभारी, संयोजक, ब्लॉक संयोजक, प्रभारी , मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी बैठक में उपस्थित थे।अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद द्वारा बैठक का विषय रखते हुए स्वागत भाषण किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी सत्यपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सब के नेतृत्व में हमको चुनाव लड़ना है और जितना भी है। यह क्रेडिट जब हम सामूहिक रूप से लेते हैं तो वह शक्ति बन जाती है और विपरीत परिस्थितियों में भी जब हम कार्य करके दिखाते हैं तो उससे हमारी उपयोगिता सिद्ध होती है। बैठक में जनपद के प्रवास में आई भाजपा प्रदेश महामंत्री तथा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की प्रभारी प्रियंका सिंह रावत का मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी की आगामी कार्य योजना को सक्रिय रुप से कार्य करते हुए संचालित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। आज से 10 मार्च तक सभी ग्राम पंचायतों की बैठकें आयोजित करते हुए आगामी 11 मार्च से 18 मार्च तक ग्राम चैपाल और ग्राम संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा तथा अनुसूचित मोर्चा जिला पंचायत वार्ड वार अपनी टीम लगाकर प्रत्येक ग्राम पंचायत में 5 लोगों की सक्रिय टीम निकालें जो जनसंपर्क कर पार्टी प्रत्याशियों को जिताने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम चैपाल और ग्राम संपर्क अभियान सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए जाएं। सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 19 मार्च से 25 मार्च को होने वाले कार्यक्रमों हेतु प्रत्येक ग्राम में लाभार्थियों को सूचीबद्ध करते हुए उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें। प्रत्येक ग्राम पंचायत में संपर्क टोली तथा सामाजिक टोली, दो तरह की टोलियां बनाकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक अपनी पहुंच बनाते हुए उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। चैपाल समापन के बाद सभी कार्यकर्ता कमल के फूल प्रतीक का पटका डालकर ग्राम भ्रमण में निकलेंगे और लोगों से संपर्क कर उन्हें विकास कार्यों का पत्रक भेंट करेंगे। पंचायत चुनाव के कुशल संचालन को दृष्टिगत रखते हुए तीन प्रकार की संचालन समिति बनाई गई हैं जिसमें जिला संचालन समिति, ब्लॉक संचालन समिति तथा जिला पंचायत वार्ड संचालन समिति प्रमुख हैं। कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा की दम लगाओ आपका परिश्रम, पसीना बेकार नहीं जाएगा। पंचायत चुनाव के जिला संयोजक संतोष गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समापन की घोषणा की जबकि संचालन जिला महामंत्री संजय सिंह द्वारा किया गया।
संवाद विनोद मिश्रा