
बांदा-डीवीएनए। रेलवे ट्रैक पर युवा प्रवासी मजदूर का शव मिला। परिजन आत्महत्या या हत्या पर स्पष्ट नहीं बता सके। आरोप है कि लेनदेन के विवाद में ठेकेदार उसे धमका रहा था। मृतक छह दिनों से घर से लापता बताया गया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के डिंगवाही गांव निवासी छोटू (29) का सुबह गांव के नजदीक रेलवे ट्रैक पर शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां शिवरानी ने बताया कि छोटू मुंबई में ईंट पाथता था। जनवरी में घर लौटा था। आरोप लगाया कि लेनदेन को लेकर गांव का ठेकेदार छोटू को ढूंढ रहा था। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। ठेकेदार की धमकी से परेशान छोटू कई दिन से घर से लापता था। उसका रेल पटरी पर शव मिला। परिजन हत्या या आत्महत्या पर स्पष्ट नहीं बता सके। कोतवाली पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
संवाद विनोद मिश्रा