
बांदा डीवीएनए। केन नदी में चार दिन पहले मिला महिला का शव किसका था। किसकी और कहां हत्या करने के बाद शव नदी में फेंका गया था। ऐसे कई सावल हैं जिन्हें खोजना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। पिता ने जिसे बेटी का शव बता शिनाख्त की, उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। अब उसके साक्ष्य जुटाना बड़ी चुनौती होगी।
जसपुरा थाना क्षेत्र के लापता विवाहिता के लौटने के बाद हर किसी के जेहन में एक प्रश्न है, कौन थी वह युवती, जिसका शव बरामद हुआ। अज्ञात महिला की हत्या किसने की है, पुलिस अभी एक मसले को पूरी तरह सुलझा नहीं पाई, अब दूसरी गुत्थी मुंह बाए खड़ी हो गई है। महिला कहां की रहने वाली थी, उसको लेकर कहीं कोई रिपोर्ट दर्ज है या फिर कहीं बाहर से शव लाकर यहां फेंका गया। हत्यारा कौन है। घटना के पीछे का क्या रहस्य है। जसपुरा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि नदी में मिले शव के बारे में भी जांच की जा रही है। इस मामले का भी शीघ्र पर्दाफाश किया जाएगा।
संवाद विनोद मिश्रा