
बांदा डीवीएनए। सरकारी हैंडपंपों पर कब्जा करने वाले दबंगों पर कार्रवाई होगी। लेखपाल और सचिव गांवों में सर्वे कर इनकी सूची तैयार करेंगे। जल निगम, पंचायत राज व पुलिस विभाग संयुक्त अभियान चलाकर हैंडपंपों के एकाधिकार को समाप्त कराया जाएगा।
चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त दिनेश कुमार सिंह ने मंडल के चारों जिलाधिकारियों को भेजे आदेश में कहा कि गर्मी ने दस्तक दे दी है। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या गहरा सकती है।
ऐसे में पेयजल समस्या के निदान के लिए अभी से ठोक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि संज्ञान में आया कि शहर सहित ग्रामीण अंचलों में दबंगों द्वारा सरकारी हैंडपंपों में कब्जा कर सबमर्सिबल लगा लिए हैं।
आम लोग पानी नहीं भर पा रहे। आए दिन विवाद हो रहे हैं। आयुक्त ने निर्देश दिए कि ऐसे हैंडपंपों का लेखपाल व पंचायत राज विभाग से चिह्नित कराकर कब्जे हटवाए जाएं। विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए।
संवाद विनोद मिश्रा