
बांदा (डीवीएनए)। मेडिकल कॉलेज बांदा में अब आक्सीजन की बहार होगी। इसके सिलेंडर के लिए महानगरों के चक्कर नहीं काटने पडे़ंगे। करीब दो माह के अंदर यहां ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट बन जाएगा। जिसमें प्रतिदिन हवा से दो सौ सिलेंडर आक्सीजन तैयार होगी। यह मंडल के चारों जनपद बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर के लिए एक नई सौगात होगी। अब कानपुर से सिलेंडर मंगाने में समय और पैसा बर्बाद किए बिना मरीजों की जान बचाई जा सकेगी।
चित्रकूटधाम मंडल कॉलेज में शासन के द्वारा ऑक्सीजन जनरेटर सिस्टम की स्थापना एवं प्लांट रूम का निर्माण कराया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव डा. रजनीश दुबे ने प्रधानाचार्य को भेजे पत्र में कहा कि मूल्यांकन समिति के द्वारा आकलित कुल लागत 197.27 लाख है। शासन के द्वारा इसके निर्माण के लिए फिलहाल 98.63 प्रथम किश्त के रूप में अवमुक्त कर दिए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि नियमानुसार भूमि उपलब्ध होने के बाद ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही सक्षम स्तर से तकनीकी स्वीकृत प्राप्त करने के बाद ही मानक एवं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य कराया जाए। इसकी जिम्मेदारी प्रधानाचार्य और कार्यदाई संस्था की होगी।
कहा गया कि स्वीकृत की जा रही धनराशि का उपयोग उन्हीं मदों में किया जाएगा। जिसके लिए धनराशि स्वीकृत की जा रही है मेडिकल कालेज प्राचार्य डा. मुकेश यादव ने कहा कि मेडिकल कालेज में आक्सीजन जनरेशन प्लांट की स्थापना चारों जनपद बांदा, चित्रकूट,महोबा और हमीरपुर के लोगों के लिए एक सौगात है। यहां से मेडिकल कालेज आने वाले मरीजों को अब आक्सीजन सिलेंडर के चक्कर में परेशान नहीं होना पडेगा। अब बिना समय और पैसा बर्बाद किए मरीज को जरूरत पड़ने पर आक्सीजन की व्यवस्था होगी।
संवाद विनोद मिश्रा