
अमेठी (डीवीएनए)। जिले के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार शाम सीवान की तरफ गई किशोरी के साथ एक युवक ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। परिजनों की तहरीर पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी बुधवार शाम सीवान की तरफ गई थी। सीवान में उसके पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही जमुना प्रसाद विश्वकर्मा ने उसे पकड़ लिया। किशोरी शोर न मचा पाए इसके लिए जमुना ने उसका मुंह बंद कर आवाज निकालने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी को धमकाने के बाद जमुना ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी किशोरी को धमकाते हुए भाग निकला। आरोपी के भाग जाने के बाद घर पहुंची किशोरी ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और जमुना के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के साथ एससी एसटी व पाक्सो एक्ट का केस दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
संवाद राम मिश्रा अमेठी