
महराजगंज (डीवीएनए)। बीती रात नव वर्ष पर जश्न मनाना ग्राम प्रधान के भाई को मंहगा पड़ गया, गश्त पर निकले थानेदार ने पीट दिया जिससे नाराज ग्रामिणों व भाजपा के लोगों ने आज थाना का घेराव कर कार्यवाही की मांग करने लगे, सीओं द्वारा जांच कर कार्यवाही के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के बृजमनगंज थानाअन्तर्गत ग्राम फुलमनहाँ में प्रधान के भाई अभय पासवान अपने लोगों के साथ नव वर्ष का जश्न मना रहे थे कि गश्त में निकले थानाध्यक्ष संजय दुबे व उनके हमराही ने प्रधान के भाई को पीट दिया, जिस को लेकर उग्र ग्रामिण आज भाजपा नेताओं के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में थाने पहुँचकर थानाध्यक्ष के ऊपर कार्यवाही की मांग करने लगे।
मौके पर मौजूद क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार मिश्र ने लोगो को समझाया तथा कार्यवाही का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामिण वापस गये।
इस सम्बंध में क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार मिश्र ने कहा कि प्रधान के भाई द्वारा तहरीर दिया गया है मामले को जाँचकर हम अपने उच्चधिकारियों को प्रेषित कर देंगे मामले में जो भी दोषी पाया जायेगा कार्यवाही होगी।