
बांदा (डीवीएनए)। नरैनी कस्बे लिव इन रिलेशनशिप में प्रेमी के साथ रह रही युवती आत्महत्या के इरादे से कोतवाली क्षेत्र के बरुआ स्योढ़ा गांव में रामचंद्रन पहाड़ में चढ़ गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर आई पुलिस ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद उसे पहाड़ से उतारा और थाने लाई। यहां प्रेमी को भी बुला लिया गया।
युवती सीमावर्ती मध्य प्रदेश की रहने वाली है। अजयगढ़ क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि वह दो दिसंबर 2019 को कालिंजर थाना क्षेत्र के छतैनी गांव के एक युवक के साथ चली आई थी। तब से वह दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं।
आरोप लगाया कि प्रेमी उसके साथ आए दिन मारपीट और उत्पीड़न करता है। जान से मारने की भी कोशिश की। बार-बार कहने के बाद भी उसके साथ शादी नहीं कर रहा। कोतवाली प्रभारी इंद्रदेव ने बताया कि दोनों के मां-पिता को बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। सीमावर्ती अजयगढ़ थाने के टीआई को सूचना दी है। दोनों प्रेमी बालिग हैं। इनका फैसला परिजन ही करेंगे।
संवाद विनोद मिश्रा