पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 54 वी पुण्यतिथि के अवसर पर विचार गोष्ठी - NUMBER ONE NEWS PORTAL

NUMBER ONE NEWS PORTAL

मेरा प्रयास, आप का विश्वास

myupnews

Comments

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 54 वी पुण्यतिथि के अवसर पर विचार गोष्ठी

आगरा(डीवीएनए ), पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 54 वी पुण्यतिथि के अवसर पर बल्केश्वर मंडल की ओर से कैंप कार्यालय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महापौर नवीन जैन मुख्य अतिथि व वक्ता के रुप में मौजूद रहे। महापौर नवीन जैन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण किया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए जिसके बाद विचार गोष्ठी की शुरुआत हुई।

विचार गोष्ठी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महापौर नवीन जैन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन से सभी को रूबरू कराया। उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा में हुआ। अपनी स्नातक स्तर की शिक्षा हासिल करने के दौरान वो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संपर्क में आए और वह आरएसएस के प्रचारक बन गए। इस बीच वो श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संपर्क में आये और 1951 में भारतीय जनसंघ की नींव रखी गई।

महापौर नवीन जैन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद के प्रणेता, जनसंघ के संस्थापक व महान विचारक थे। जिन्होंने अंतिम छोर के व्यक्ति के उत्थान के लिए ही अंत्योदय योजना का प्रतिपादक किया था। उन्होंने ही अंतिम छोर पर बैठे उस व्यक्ति के बारे में सोचा कि उसका उत्थान कैसे होगा।

इस विचारधारा को लेकर जब वह चले थे तो उस समय के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों ने उनका मजाक उड़ाया था लेकिन आज उसी विचारधारा के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का विकास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतिम छोर पर बैठे हर व्यक्ति के बारे में सोच रहे हैं और कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उनका उत्थान भी कर रहे हैं। गरीब महिलाओं को निशुल्क गैस के कनेक्शन और आवास उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में है। गरीब मजदूरों के लिए चलाई गई विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मजदूरों का उत्थान हो रहा है तो उनके बच्चे भी शिक्षित बन रहे हैं।

महापौर नवीन जैन ने कहा कि इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए हर भाजपा कार्यकर्ताओं को यह संकल्प लेना चाहिए कि जिस गरीब व्यक्ति का कोई नहीं है, उसका भाजपा कार्यकर्ता है और उसकी हर संभव मदद के लिए आगे आना चाहिए। महापौर नवीन जैन ने मौके पर मौजूद सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के पद चिन्हों पर चलने का संकल्प भी दिलाया।

इस दौरान बल्केश्वर मंडल अध्यक्ष ब्रजकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, महामंत्री रवि अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश निषाद, पार्षद सविता अग्रवाल, पार्षद अमित अग्रवाल ग्वाला, पार्षद हरिओम गोयल, पार्षद विमल गुप्ता, पार्षद रवि शर्मा और मंडल कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।
संवाद , दानिश उमरी

Digital Varta News Agency

Post Top Ad

loading...