
बांदा (डीवीएनए)। अतर्रा नगर पालिका द्वारा कंबल वितरणकार्यक्रम रद्द हो जानें से गरीबों नें बद्ददुवाएं दी। कंबल वितरण के लिए तीन सौ महिला-पुरुषों को सभासदों के माध्यम से बुलाया गया। टोकन लिए 50 से अधिक महिला-पुरुष भीषण सर्दी में कंबल मिलने की आस में घंटों बैठे रहे। पर पालिका की तरफ से कोई कंबल बांटने नहीं आया।
कंबल वितरण कार्य एक मैरिज हाल में आयोजित था। इसके लिए पालिका प्रशासन ने 24 निर्वाचित व पांच नामित सभासदों को अपने-अपने वार्डो में असहायों को देने के लिए 10-10 टोकन भी दिया था। अधिकांश सभासदों ने अपने अपने मोहल्ले में कूपन बांटते हुए सोमवार को सुबह 11 बजे मैरिज हाल में पहुंचने की बात कही थी। जिसके तहत कूपन लिए लगभग 50 महिला पुरुष सर्दी में बुलाये गए स्थान पर पहुंचकर कंबल की आस में बैठ गए। घंटों इंतजार के बाद पालिका के अधिकारी तो दूर कर्मचारी भी नहीं दिखे। नामित सभासद राजाराम तिवारी ने बताया कि ईओ ने कंबल वितरण कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना दी है। इस पर मौजूद लोग नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर कंबल की मांग करने लगे, लेकिन वहां भी कंबल न मिलने पर निराश बद्ददुवाएं देते बैरंग घर लौट गए।
इस मामले में अधिशाषी अधिकारी राम सिंह ने सफाई दी की कंबल वितरण का कार्यक्रम नियत किया गया था, लेकिन गुणवत्ता विहीन कंबल होने के कारण अचानक कार्यक्रम स्थगित किया गया है। शीघ्र ही नए कंबल मंगवकरा वितरण कराया जाएगा।
संवाद विनोद मिश्रा