नगर निगम परिसर में महापौर नवीन जैन ने किया ध्वजारोहण, दिलाई संविधान की शपथ - NUMBER ONE NEWS PORTAL

NUMBER ONE NEWS PORTAL

मेरा प्रयास, आप का विश्वास

myupnews

Comments

नगर निगम परिसर में महापौर नवीन जैन ने किया ध्वजारोहण, दिलाई संविधान की शपथ

आगरा(डीवीएनए )। 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आगरा नगर निगम परिसर में शहर के प्रथम नागरिक महापौर नवीन जैन ने ध्वजारोहण किया गया, तत्पश्चात् राष्ट्रगान गाया गया। महापौर और नगर आयुक्त निखिल टीकाराम ने निगम परिसर में संविधान शिल्पी डॉ बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बाबा साहब के कार्यों और संविधान की विशेषता बताते हुये नगर निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई कि हम कभी भी अपने भारत के संविधान के विरुद्ध ना जाते हुये, संविधान में दिये अपने अधिकारों का अनुसरण करेंगे तथा उनका निष्ठा पूर्वक निर्वाहन करेंगे।

इसके बाद महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए गणतंत्र दिवस पर परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम में कई लोगों ने गणतंत्र पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में कोरोना महामारी में निरन्तर सेवा देने वाले और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का महापौर द्वारा शॉल ओढ़ाकर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महापौर से सम्मान पाकर सभी कर्मचारियों का चैहरा ख़ुशी से खिल गया। कर्मचारियों का मानना था कि महापौर नवीन जैन शहर के साथ साथ अपने कर्मचारियों का भी बहुत अच्छे से ख़्याल रखते हैं। उनके द्वारा मिले यह सम्मान पाकर हम ख़ुशी का अनुभव कर रहे हैं।

अपना उद्बोधन देते हुए महापौर नवीन जैन ने कहा कि देश में बहुत से धर्म, मज़हब जाति के अनेकों त्योहार आते हैं परन्तु देश के सिर्फ़ दो प्रमुख त्योहार हैं गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस, जिसे समस्त भारत वासियों को बड़े हर्ष उल्लास के साथ मनाना चाहिये।

महापौर ने कहा कि ये हमारे देश के संविधान की ही खूबसूरती है कि अपने अधिकारों व कर्तव्यों का पालन करते हुए महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। जहां एक विचार महिलाओं के प्रति कुछ लोगों की तुच्छ मानसिकता दर्शाता है तो उन लोगों का जवाब देते हुये हमारी अपनी बेटियाँ आज फ़ाईटर जेट उड़ा रही हैं, सरकारी ग़ैरसरकारी दफ़्तरों में उनकी भागीदारी पुरुषों के समान हो रही है। अगर यह आज सम्भव हुआ है तो सिर्फ़ अपने भारत के संविधान के कारण जो सभी को समान अधिकार देता है। चाहे शिक्षा हो अथवा मतदान हो बिना किसी भेदभाव के सभी को समान बताता है।

महापौर ने कहा कि देश ने अभी कोरोना जैसी महामारी का सामना किया। जिसमें अच्छे अच्छे देशों की हालात चरमरा गई। सब की नज़र भारत पर थी, यहां कोरोना के मुश्किलों का सामना कैसे और क्या होगा। लेकिन धन्य है हमारे देश की शहर की जनता जो बहादुरी से इस महामारी से लड़ी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह आप सभी देशवासियों ने धैर्य और साहस का परिचय दिया उससे हम कोरोना को बहुत हद तक हराने में सक्षम हो सके।

महापौर नवीन जैन इन दिनों चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 का भी जिक्र किया। उन्होंने नगर निगम के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर वासियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जिस तरह आपने पिछले वर्ष मेहनत करते हुए नगर निगम आगरा को 16वें पायदान पर पहुंचाया। अब हमें इससे और ऊपर जाकर अपने शहर को टॉप टेन में लेकर आना है।

इस मौके पर दोनों अपर नगर आयुक्त कुंवर बहादुर सिंह और विनोद कुमार गुप्ता सहित समस्त निगम अधिकारी व कर्मचारी एवं पार्षद गण मौजूद रहे।
संवाद , दानिश उमरी

Digital Varta News Agency

Post Top Ad

loading...