
शाहजहांपुर (डीवीएनए)। शाहजहांपुर जिले निगोही इलाके में डालमिया चीनी मिल पर गन्ना डालने गये युवक की बीती रात ट्रैक्टर-ट्राली के चपेट में आने से मृत्यु हो गई।
बताया जाता है कि निगोही निवासी रामनिवास अपने ट्रैक्टर-ट्राली से किराए पर गन्ना ढोने का काम करता है और निगोही निवासी बृजेश ट्रैक्टर चलाता था। 25 वर्षीय बृजेश निगोही निवासी प्यारे लाल की पर्ची का गन्ना तुलाने चीनी मिल पर गया था। गन्ना तौल में देरी होने के कारण बृजेश ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे लेट गया था। रात करीब आठ बजे किसी ने ट्रैक्टर स्टार्ट कर ट्राली आगे बढ़ा दी और उसके नीचे सो रहा बृजेश कुचला गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भेजा ,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।