
बांदा (डीवीएनए)। सरकारी नलकूपों की कमान अब महिलाओं के हाथ में भी सौंपी गई है। हाल ही में नियुक्त नलकूप आपरेटरों में चित्रकूटधाम मंडल में 15 महिलाओं को नियुक्ति मिली है। सभी ने अपना काम संभाल लिया है।
बड़ी संख्या में रिक्त नलकूप आपरेटरों के पदों पर प्रदेश स्तरीय भर्ती में तीन दिन पूर्व आपरेटरों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। खास यह है कि इनमें काफी तादाद महिलाओं की है। बांदा में 43 और हमीरपुर में 58 पंप ऑपरेटर की नियुक्ति हुई है।
इनमें बांदा में 5 और हमीरपुर में 10 महिला आपरेटर शामिल हैं। गांवों में सुनसान स्थल पर खेतों में लगे ट्यूबवेल का संचालन महिलाओं के लिए काफी चुनौती भरा साबित होगा, लेकिन महिला सशक्तिकरण की चल रही बयार में महिलाओं ने भी नलकूप की कमान संभाल ली है।
इनमें पूनम यादव, प्रीती द्विवेदी, साक्षी गुप्ता, सविता, मोनिका आदि महिला आपरेटर शामिल हैं। इन्होंने अपनी ड्यूटी शुरू कर दी है। अधीक्षण अभियंता (नलकूप) दिनेश कुमार मिश्रा का कहना है कि सभी नए पंप ऑपरेटरों को कार्यभार ग्रहण करा दिया गया है।
संवाद विनोद मिश्रा